बागापार। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बैजनाथपुर कला में अराजकतत्वों द्वारा तोड़ी गई महात्मा बुद्ध की प्रतिमा को बदलने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर ग्रामीण लामबंद हैं। भीम ज्योति बुद्ध बिहार बैजनाथपुर कला के अध्यक्ष कर्मवीर भारती, आशीष भारती, हरेंद्र, राजेश, इंद्रेश, रामसमुझ, सुरेश प्रसाद, प्रतिमा, सुभावती, सोनरावती, अंजनी, सावित्री, बिंद्रावती आदि लोगों ने बताया कि गांव की शांति व्यवस्था में खलल डालने के उद्देश्य से अराजक तत्वों ने बृहस्पतिवार की रात महात्मा बुद्ध की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस घटना की जानकारी जब ग्रामीणों को हुई तो आक्रोशित हो गए। उनके धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रतिमा को दुरुस्त कराया। अध्यक्ष कर्मवीर भारती ने कहा कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा को हटाकर दूसरी प्रतिमा लगाई जाए। बुद्ध बिहार पर स्ट्रीट लाइट तथा सीसीटीवी कैमरा लगवाए जाएं, जिससे भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।