घुघली। थाना क्षेत्र के घुघली बुजुर्ग गांव में शनिवार चौपाल कार्यक्रम के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में गांव के प्रधान के बेटे ने बकुआ (धारदार हथियार) से हमला कर चार लोगों को घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। इसमें एक घायल की हालत गंभीर है।
घायल प्रीति जायसवाल की तहरीर में ग्राम प्रधान के बेटे कमलेश पर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोग जा रहे थे। कमलेश बाइक का हॉर्न बजाकर परेशान कर रहा था। इसी दौरान बाइक एक व्यक्ति से टकरा गई। जब कुछ लोगों ने दौड़ाया तो उसकी बाइक गिर गई। इसके बाद बकुआ से वार करना शुरू कर दिया। इसमें किशन, अजय व जितेंद्र मद्देशिया, प्रीति घायल हो गईं।
थानाध्यक्ष योगेश सिंह ने बताया कि आरोपी पर केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। उधर, ग्रामीणों के अनुसार एक पार्टी की चुनावी चौपाल घुघली बुजुर्ग गांव में जहां टेंट और कुर्सियां लोगों के बैठने के लिए लगी थी।
जब कार्यक्रम खत्म हुआ तो कुर्सी को हटाया जा रहा था। इसी दौरान प्रधान का बेटा बाइक लेकर पहुंचा जहां कुर्सी में बाइक टकरा गई। इसी बात को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। जहां प्रधान के बेटे ने बाइक में रखे बकुआ को निकाला और मारकर चार को घायल कर फरार हो गया।