परतावल। दीपावली के जश्न के दौरान खुशी के नाम पर लापरवाही एक बार फिर चर्चा में आ गई है। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के एक गांव में पत्नी के साथ हर्ष फायरिंग करते हुए एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक अपनी पत्नी के साथ राइफल से फायरिंग करता नजर आ रहा है। वायरल वीडियो लक्ष्मीपुर जरलहिया गांव का बताया जा रहा है। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि युवक द्वारा जिस राइफल से फायरिंग की गई है, उसका लाइसेंस है या नहीं। यदि हथियार अवैध पाया गया तो उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।