निचलौल। भारत-नेपाल सरहद से सटे बहुआर कला गांव में बृहस्पतिवार रात में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन वितरण शुरू हुआ था। सूचना मिलते ही दुकान पर कार्ड धारकों की भीड़ जुट गई। इस बीच करीब नौ बजे ई-पास मशीन लॉक हो गई। उसके बाद राशनकार्ड धारकों ने दुकान पर ही जमकर हंगामा शुरू कर दिया। करीब एक घंटे बाद राशनकार्ड धारकों को समझाकर घर भेजा गया। राशन कार्ड धारकों ने दुकानदार पर अंगूठा लगवाकर राशन न देने का भी आरोप लगाया है।
बहुआर कला गांव स्थित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर हंगामा कर रहे राशन कार्ड धारक अंगिरा, लीलावती देवी, सुनीता देवी, गुड्डी देवी, मीरा, रीमा सहित अन्य ने कहा की विभाग के जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते सरकारी सस्ते गल्ले का दुकानदार मनमानी कर रहा है। 20 दिनों तक राशनकार्ड धारकों से ई-पास मशीन पर फिंगर नहीं लगवाया जाता है।
महीने में केवल एक से दो दिन ही फिंगर लगवाया जाता है। 20 जून की रात करीब 8.30 बजे अचानक गांव में शोर मचा की राशन वितरण के लिए आज फिंगर लगवाने का अंतिम दिन है। इसके लिए दुकान पर ई-पास मशीन पर फिंगर लगवाया जा रहा है। सूचना के बाद सैकड़ों राशन कार्ड धारक सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर पहुंच गए।
इस दौरान कुछ ही देर में ई-पास मशीन लॉक हो गई। इसके बाद राशनकार्ड धारक आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे। इन राशनकार्ड धारकों का यह भी आरोप है की सरकारी सस्ते गल्ले का दुकानदार उनसे फिंगर लगवाकर राशन नहीं दे रहा है। इतना ही नहीं दुकानदार राशन वितरण के दौरान ई-पास मशीन पर एक किलो अधिक वजन रखकर राशन तौल रहा है। जबकि सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानदार चंपा देवी के पति रामअवतार ने कहा की उन्हें विभाग के बड़े बाबू से अचानक सूचना मिली थी, राशन वितरण के लिए केवल आज भर फिंगर लगेगा। इसकी सूचना उन्होंने राशनकार्ड धारकों को दे दी। यही सूचना पाकर उनके दुकान पर राशन कार्ड धारकों की भीड़ उमड़ गई। इसी बीच मशीन लॉक हो गई।
वहीं पूर्ति निरीक्षक इंद्रभान ने कहा की आठ जून से ही फिंगर लगना शुरू है। 20 जून को अंतिम तिथि थी। फिलहाल अब 25 जून तक बढ़ गया है। अगर विलंब करके राशन कार्ड धारकों से फिंगर लगवाया जा रहा है तो यह दुकानदार की मनमानी है। मशीन से राशन वितरण होने के बाद भी घटतौली की शिकायत सुनने में आ रही है। इसका औचक निरीक्षक कर मनमानी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के खिलाफ आंदोलन करेंगे राशनकार्ड धारक
आक्रोशित राशन कार्ड धारक संजय, श्रीराम शर्मा, खुशबुन, सुभाषिनी आदि ने कहा की यह कोई पहली बार दुकानदार की मनमानी नहीं है। हर माह दुकानदार अंतिम कुछ वक्त रहने पर फिंगर लगवाया शुरू करता है। इसकी वजह से तमाम राशनकार्ड धारक राशन पाने से वंचित रह जाते हैं, जिसकी शिकायत ग्राम प्रधान से लेकर विभाग के जिम्मेदारों से की जा चुकी है। लेकिन दुकानदार जिम्मेदारों की लापरवाही का फायदा उठाकर मनमानी कर रहा है। वहीं ग्राम प्रधान रामनिधि पटेल ने कहा की दुकानदार को कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है।
डिजिटल मशीन होने के बाद भी हो रही घटतौली
राशनकार्ड धारकों से मिली जानकारी के मुताबिक, सरकार ने राशन वितरण में घटतौली रोकने के लिए डिजिटल मशीन से राशन वितरण कराना शुरू किया, लेकिन सरकारी सस्ते गल्ले के दुकानदार अपने काले करतूत से बाज नहीं आ रहे हैं, क्योंकि राशन वितरण के वक्त डिजिटल मशीन पर एक किलो का अतिरिक्त वजन रखकर राशन की तौल की जा रही है। इसकी जानकारी विभाग के जिम्मेदारों को भी है, लेकिन वह कोटेदार के काले करतूतों पर पर्दा डालने का हरसंभव प्रयास करने में लगे रहते हैं।