नौतनवा। कस्बे के सिद्धार्थ नगर वार्ड में महाराणा प्रताप जूनियर हाई स्कूल के बगल से होकर बिस्मिल नगर वार्ड, अन्य मुहल्ले में जाने वाले मार्ग को शुक्रवार को सुबह कुछ लोगों ने बालू और ईंट गिराकर बंद कर दिया। मार्ग अवरुद्ध होता देख सभासद, मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और हंगामा करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। तहसीलदार पंकज शाही ने मौके पर जाकर निर्माण सामग्री हटवाकर मार्ग को खाली कराया।
पुराने नौतनवा चौराहे से होकर बाईपास तक जाने वाले मार्ग पर सिद्धार्थनगर वार्ड में महाराणा प्रताप जूनियर हाईस्कूल के पास से होकर एक मार्ग बिस्मिल नगर वार्ड और राहुल नगर व अन्य मोहल्ले को जाता है। इस मार्ग से कई मोहल्ले के लोगों का आना जाना रहता है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों द्वारा मार्ग को ईंट रखकर अवरुद्ध किया जा रहा था। जानकारी मिलते ही सभासद आसिफ कुरैशी उर्फ झुल्लूर कुरैशी मुहल्ले के लोगों के साथ पहुंचे और पूर्व मंत्री के कर्मियों पर मार्ग अवरूद्ध करने का आरोप लगते हुए हंगामा करने लगे तथा मार्ग खाली कराने की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई।
जानकारी मिलते ही तहसीलदार पंकज कुमार शाही पहुंचे और निर्माण सामग्री हटवाकर रास्ता खाली करवाया। सभासद आसिफ उर्फ झुल्लूर कुरैशी ने बताया कि यह सार्वजनिक मार्ग है। जिसका निर्माण नगर पालिका द्वारा कराया गया है। इस मार्ग से मोहल्ले के लोगों का आना जाना रहता है। इस मार्ग को रोकने का प्रयास पहले भी किया जा चुका है। तहसीलदार पंकज शाही ने बताया कि यह सार्वजनिक मार्ग है, इसे अवरुद्ध करने की सूचना मिली थी, निर्माण सामग्री को हटा दिया गया है, मार्ग सुचारू रुप से संचालित रहा है।