महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति की समीक्षा हुई। इस दौरान विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं व शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की स्थिति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड शासन की प्राथमिकताओं का दर्पण है, इसके माध्यम से सभी योजनाओं की प्रगति का रियल टाइम का मूल्यांकन किया जाता है। अतः प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करें कि उनके द्वारा अपलोड किए जाने वाले आंकड़े समयबद्ध और सटीक हों। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, कृषि, मनरेगा, आवास और औद्योगिक विकास से जुड़े सूचकों की बिंदुवार समीक्षा की। जिलाधिकारी ने पर्यटन परियोजनाओं की गति तेज करने का निर्देश दिया। कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर प्रदर्शन न केवल विभाग की कार्यकुशलता का प्रतीक है बल्कि यह जनपद की समग्र रैंकिंग को भी प्रभावित करता है।