महराजगंज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण एवं जाममुक्त संचालन के लिए प्रशासन ने 2 से 4 जुलाई तक कस्बे में भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक प्रभावी रहेगा। परीक्षा जनपद के 20 केंद्रों पर दो पालियों में सुबह 9:30 से 12:00 बजे और दोपहर 2:30 से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यातायात थाना प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि डायवर्जन एवं नो-एंट्री प्वाइंट सिंदुरिया, शिकारपुर, झनझनपुर और पकड़ी चौकी बनाए गए हैं। आपातकालीन सेवाओं तथा रोडवेज यात्री बसों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। अधिकारियों ने आमजन और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।