महराजगंज। रविवार को केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने अपने आवास पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जीएसटी सुधारों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि हाल ही में की गई जीएसटी दरों में कटौती का प्रत्यक्ष लाभ अब उपभोक्ताओं तक पहुंच रहा है और बाजारों में त्योहारी रौनक लौट आई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जीएसटी दरों में की गई कटौती का असर धनतेरस पर साफ तौर पर देखने को मिला। इलेक्ट्रॉनिक सामानों, घरेलू उपकरणों और ऑटोमोबाइल जैसे उत्पादों की कीमतों में कमी के कारण उपभोक्ताओं को भारी छूट मिली है। उन्होंने यह भी बताया कि जीएसटी कटौती के संकेत पहले ही दे दिए गए थे। जिसके कारण अगस्त में मांग थोड़ी दब गई थी। अब उपभोक्ताओं ने खरीदारी में तेजी दिखाई है। यह रुझान आने वाले महीनों में भी जारी रहेगा। इस असर को केवल त्योहारी खर्च से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।