महराजगंज। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के बागापार गांव के पास रविवार शाम एक बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गया। इसमें रेहाव निवासी विशाल साहनी (18) गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस एवं ग्रामीणों ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम रेहांव निवासी विशाल साहनी (18) रविवार की शाम घर से बागापार चौराहे पर ग्राहक सेवा केंद्र से पैसा निकालने गया था। पैसा निकालकर बाइक से घर लौट रहा था। बताया जाता है कि अभी वह बागापार खास टोले के पास पहुंचा ही था कि मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई और विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। चौकी प्रभारी मनीष कुमार तिवारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन मेडिकल कॉलेज ले गए। संवाद