कोल्हुई। क्षेत्र के बॉर्डर रोड स्थित राजमंदिर गांव के पास मंगलवार शाम ऑटो व बाइक की आमने-सामने टक्कर में मामा की मौत हो गई, जबकि दो भांजे घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, नौतनवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर निवासी गोरख (30) बाइक से अपने दो भांजों निखिल और नीतीश को उनके घर नेपाल पहुंचाने जा रहे थे। अभी वह राजमंदिर गांव के पास पहुंचे थे उसी दौरान सामने से आ रही ऑटो से टकरा गए। टक्कर इतना भीषण था कि बाइक घिसटती हुई दूर जा गिरी।
बाइक चला रहे गोरख के सिर और सीने पर गंभीर चोट लग गई और पीछे बैठे दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों के सहयोग से घायलों को सड़क से उठाकर किनारे किया गया और पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची कोल्हुई थाने की पीआरवी ने एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को सीएससी बनकटी उपचार के लिए भिजवाया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद गोरख को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष कोल्हुई सत्येंद्र राय ने बताया कि दोनों बच्चों की हालत नाजुक है।