दो सफाईकर्मी निलंबित, जांच एडीओ पंचायत को
जिला पंचायत राज अधिकारी ने लापरवाह के मामले में की कार्रवाई
महराजगंज। सिसवा व धानी ब्लॉक में तैनात एक-एक सफाईकर्मी को दायित्वों के प्रति लापरवाह के मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी ने शनिवार को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में वे संबंधित ब्लॉक मुख्यालय से संबद्ध रहेंगे। मामले की जांच सहायक विकास अधिकारी पंचायत घुघली को सौंपी गई है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने शनिवार को सिसवा ब्लॉक की ग्राम पंचायत अहिरौली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गांव में सफाईकर्मी विजय बहादुर द्वारा कई माह से सफाई न करने, ग्राम पंचायत में अनुपस्थित रहने व शासनादेश के विपरीत काम करने का दोषी पाया गया। जिस पर उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए सिसवा ब्लॉक से संबद्ध कर दिया गया है।
सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से धानी ब्लॉक के ग्राम चौका में की गई जांच में सफाईकर्मी रिंकी शुक्ला द्वारा सफाई न करने, अनुपस्थित रहने व शासनादेश के विपरीत कार्य करने की जानकारी मिली। जिला पंचायत राज अधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें धानी ब्लॉक से संबद्ध किया गया है।
दायित्वों के प्रति शिथिलता बरतने के मामले में सिसवा व धानी ब्लॉक में तैनात दो सफाइकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच एडीओ पंचायत घुघली को सौंपी गई है।
- यावर अब्बास, जिला पंचायत राज अधिकारी