हंगामा देख तहसील में घंटों मची रही अफरा-तफरी, 81 डिस्मिल जमीन के लिए हुआ हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। निचलौल तहसील परिसर में मंगलवार शाम करीब चार बजे अफरा-तफरी मच गई। 81 डिस्मिल भूमि बैनामा कराने के लिए दो बहनें भिड़ गईं। हंगामे को लेकर तहसील परिसर में घंटों हड़कंप मचा रहा। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बहनों को किसी तरह समझा-बुझाकर तहसील परिसर से बाहर किया। उसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, मेहंदिया निवासी लोरिक के दो बेटियां अमरावती और कमलावती हैं। लोरीक ने बड़ी बेटी अमरावती की शादी कुईया निवासी शिवशंकर से की है। जबकि छोटी बेटी कमलावती की शादी अरदौना गांव निवासी राजेश से की। लोरीक को बेटा नहीं होने के चलते दोनों बहनें बुजुर्ग पिता के घर रहकर सेवा करती थीं। इसी बीच बड़ी बहन अमरावती पति शिवशंकर के साथ मिलकर बुजुर्ग पिता लोरीक को लेकर मेहंदिया गांव स्थिति 19 और बरवा सालिग्राम स्थित 62 डिस्मिल भूमि को बैनामा कराने के लिए निचलौल तहसील पहुंची। जिसकी भनक लगते ही छोटी बहन कमलावती भी पति राजेश को लेकर तहसील आ पहुंची। जहां दोनों बहनें आपस में भिड़ गईं। दोनों बहनों के गुस्से को देख तहसील में उपस्थित लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रहा कि कुछ ही देर बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। फिर पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर तहसील परिसर के बाहर किया। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रधान यादव ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है। समझा-बुझाकर कर छोड़ दिया गया है।
भूमि बैनामा को लेकर विवाद की कोई जानकारी नहीं है। मामला रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर हुआ होगा।
संदीप कुमार चौहान, सब रजिस्ट्रार, निचलौल
केस नंबर एक
27 जुलाई 2021 को निचलौल क्षेत्र अंतर्गत बोदना गांव के रहने वाले रामलगन (85) तहसील में जमीन की बैनामा करने के लिए आए थे। जिस बात को लेकर दो पक्षों में लाठियां चलने लगी थीं। जिस दौरान दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए थे। कुछ देर बाद तहसील में मौजूद लोगों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हो गया। उसके बाद एक पक्ष जमीन का बैनामा कराने के लिए जमीन के मालिक को रजिस्ट्रार ऑफिस में लेकर चले गए।
केस नंबर दो
23 फरवरी 2023 को कोठीभार थाना क्षेत्र के गौरीबढ़ेपुरवा निवासी लालमन के दो लड़के जयराम व संतोष मारपीट किए थे। करीब दो वर्ष पहले लालमन की मौत होने के बाद दोनों भाइयों के नाम से जायदाद की वरासत हो गई। इसी बीच छोटा भाई संतोष गांव स्थित पैतृक जायदाद की 60 डिस्मिल भूमि निवासी रामलाल को बैनामा करने निचलौल तहसील में आला था। जिसकी भनक बड़े भाई जयराम को लगी,तो कुछ देर बाद तहसील पहुंचा। उसके बाद छोटे भाई संतोष को बैनामा करने से रोकने लगे। जिससे आक्रोशित बैनामा कराने आये रामलाल अपने सहयोगियों के साथ बड़े भाई जयराम की पिटाई कर घायल कर दिया।
केस नंबर तीन
12 अक्तूबर 2020 को कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत सबया निवासी रामदरश के नाम से कुल 35 डिस्मिल जमीन थी। रामदरश ने छोटे भाई प्रद्युम्न की मिली भगत से गांव गुरली निवासी एक व्यक्ति के बहकावे में आकर अपनी नाम के 15 डिस्मिल जमीन का बैनामा करने तहसील पहुंचे थे। जिसकी जानकारी मिलते ही रामदरश के बेटे शिवगोविंद भी तहसील पहुंचा। उसके बाद शिवगोविंद पिता रामदरश की पिटाई करने लगा।
वर्तमान दौर में सोशल मीडिया ने सामाजिक और निजी संबंधों की गहनता लगभग समाप्त कर दी है। आपसी रिश्तों की डोर कमजोर हो रही है। एक दूसरे के प्रति विश्वास की कमी हो रही है। यही कारण है कि छोटी-छोटी बातों पर आपसी रिश्तों को दरकिनार कर लोग एक-दूसरे से झगड़ जाते हैं।
डॉ. प्रवीण कुमार मिश्रा, समाजशास्त्री
मनुष्य जो सोचता है, उसी अनुरूप कार्य करने पर जोर देता है। वर्तमान परिवेश में लोभ की प्रवृति ऐसी घर कर जा रही कि उसे अपने पराए का फर्क नजर नहीं आता है। यही वजह है कि मन के विपरीत कार्य होने होने मारपीट शुरू हो जाती है। वक्त, समय, काल एवं परिस्थिति के अनुसार मनोदशा में परिवर्तन आता है। गलत होने के बाद मनुष्य को यह पता चला है कि उससे चूक हुई है।
गोपाल सिंह, मनोविज्ञानी