सिसवा बाजार। थाना क्षेत्र के बीजापार गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीजापार के असमन छपरा निवासी सुमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे गांव के ही कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर अभद्रता की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान शालू, रामावती और विजय बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और मोबाइल तोड़कर फेंक दिया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा ने बताया कि सुमित की तहरीर पर अमित प्रजापति, बिट्टू प्रजापति, अजय और रामनरेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।