जिलाधिकारी के निर्देश पर औषधि विभाग की ओर से की जा रही है कार्रवाई
बिना लाइसेंस दुकान चलाए जाने की हुई है शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
नौतनवा। तहसील क्षेत्र के हरदी डाली, सुंडी व आराजी सरकार उर्फ बैरिहवा गांव के मेडिकल स्टोर पर औषधि विभाग की टीम ने छापा डाला। दो मेडिकल स्टोर को सील और दो मेडिकल स्टोर के नमूने लिए गए।
नौतनवा के विभिन्न इलाकों में बिना लाइसेंस के मेडिकल कॉलेज स्टोर चलाए जाने के संबंध में जिलाधिकारी के पास शिकायत की गई है। इसके बाद जिलाधिकारी ने औषधि विभाग को जांच का निर्देश दिया। इसी क्रम में औषधि विभाग की ओर से जांच की जा रही है। मंगलवार को ड्रग इंस्पेक्टर शिव कुमार नायक, कुशीनगर के इंस्पेक्टर दीपक पांडेय, देवरिया इंस्पेक्टर रुद्रेश त्रिपाठी, नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव हरदी डाली पहुंचे। टीम ने यहां एक गोदाम की जांच की। हरदीडाली के कोटिया टोला पर एक दुकान से नमूने लिए गए और सुंडी में मेडिकल स्टोर बंद मिला तो उसे सील कर दिया गया। सुंडी गांव में एक अन्य मेडिकल स्टोर से दवा के कुछ नमूने लिए गए। आराजी सरकार उर्फ बैरिहवा चौराहे कोई दुकानदार नहीं मिला। औषधि निरीक्षक शिवकुमार नायक ने बताया कि दो दुकानों के नमूने लिए गए हैं और दो दुकानों को सील कर दिया गया है। सोमवार को भी औषधि विभाग की ओर से जांच की गई थी और कुछ दुकानों को सील कर दिया गया था।
संवाद