घुघली। ग्रामसभा मटकोपा निवासी दो युवतियों की मंगलवार को तालाब में डूबने से मौत हो गई। ग्रामसभा मटकोपा निवासी नीता साहनी 18 और कहकसा खातून 19 दोनों सहेलियां थीं। दोनों मंगलवार को दोपहर लगभग 12 बजे घास काटने के लिए घर से बाहर निकली थीं। देर शाम तक जब वे नहीं लौटीं तो परिजन व ग्रामीणों के साथ उनकी खोजबीन में जुट गए। खोज के दौरान गांव के बाहर उत्तर दिशा में स्थित ग्रामसभा रामपुर बल्डीहा के तालाब किनारे दोनों की चप्पल, घास काटने का हंसिया और बोरी मिली। इससे आशंका जताई गई कि दोनों तालाब में डूब गई होंगी। इसके बाद गांव के युवकों ने तालाब में उतरकर तलाश शुरू की। कुछ ही देर बाद दोनों युवतियां तलाब में डूबी हुई मिलीं। परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी घुघली ओमप्रकाश गिरी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि दोनों युवतियों की मौत तालाब में डूबने से हुई है। परिजनों ने किसी तरह की शिकायत नहीं दर्ज कराई है। शव मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जा रही है।