नौतनवां। नेपाल से खेत बेचकर रकम लेकर आ रही महिला के साथ एक व्यक्ति रुपये से भरा बैग छीनने लगा। महिला शोर मचाने लगी। शोर सुनते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ देखकर व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
शुक्रवार को अजीमीरून निशा नेपाल के जगहत्था रूपनदेही (नेपाल) में खेत अपने रिश्तेदार रूखसाना निवासी सोनबरसा थाना पुरन्दरपुर को करीब 2,35,000 रुपये में बेच दी। रुपये साथ लेकर अपने रिश्तेदार के साथ पगडंडी से भारत आ रही थी। जैसे ही सोनौली कोतवाली थाना क्षेत्र के कुंनसेरवा के सिद्धार्थ नगर वार्ड नंबर 8 में पहुंची। मोटरसाइकिल का तेल खत्म हो गया।
मोटरसाइकिल का तेल लेने उसके पति पंप पर गए। इतने में पीछे से मोटरसाइकिल पर एसएसबी की वर्दी पहनकर व दूसरा व्यक्ति सादे कपड़े में उस महिला के पास आया । महिला के पास पहुंचते ही रुपये से भरा बैग छीनने लगा। महिला शोर मचाने लगी तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ देखकर दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस और एसएसबी महिला को सोनौली कोतवाली थाने ले गई।
एसएसबी की 66वीं वाहिनी के द्वितीय सेनानायक वरुण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी।