भागाटार में ओवरब्रिज बनाने के लिए पेड़ काटने का काम शुरू, दुकानदार भी अपने दुकानों के लिए दूसरी जगह व्यवस्था करने में जुटे
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज/मिठौरा। महराजगंज से ठूठीबारी फोरलेन निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। शहर में दुकानदार भी अपने दुकानों के लिए दूसरी जगह व्यवस्था करने में जुटे हैं। क्षेत्र के ग्राम सभा भागाटार में ओवरब्रिज को लेकर पेड़ों की कटान जारी है। रोजाना भागाटार स्थित सड़क के किनारे दर्जनों पेंड़ों को काटकर ओवरब्रिज के बनने के कार्यों में तेजी लाई जा रही है। वहीं, शासन के द्वारा किसानों के खाते रकम आनी भी शुरु हो गई है। क्षेत्र विकास को देखकर भविष्य के सपने बुनने में जुटे हैं। वहीं, दूसरे ठिकाने पर जाने के लिए दुकानदारों ने अपने सामान समेटने शुरू कर दिए हैं।
भागाटार निवासी सीताराम का कहना है कि हमारी कीमती जमीन ओवरब्रिज में चली जाने के बाद जमीन दूसरी जगह खरीदनी है। वहीं मंगरू का कहना है सिंदुरिया ठूठीबारी मार्ग का हो रहा है। आने वाले दिनों में इस रूट पर आवागमन बढ़ेगा तो क्षेत्र का विकास होगा। शुरूआत में समस्याएं आ रही है, लेकिन भविष्य से इसका फायदा हम लोगाें को ही मिलने वाला है। वही दिनेश रौनियार्, प्रहलाद गुप्ता आदि किसानों का कहना है सड़क के किनारे पेड़ों के कट जाने के बाद दोबारा पौधों को लगाया जाएगा। आने वाले दिनों में तभी हरियाली रहेगी।
ओवरब्रिज और सड़क के चौड़ीकरण के लिए पेड़ाें की कटान हो रही है। अगले साल क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। भागाटार निवासी अंबरीश पांडेय का कहना है सड़क के किनारे कीमती जमीन थी वह ओवरब्रिज के लिए चली गई। शासन के द्वारा जो भी रकम मिल रही है, उसमें कुछ मिलाकर कहीं जमीन खरीदूंगा। क्षेत्र का विकास होने में कुछ दुश्वारियां है, लेकिन भविष्य में इसका परिणाम सुखद होगा।
राहुल कन्नौजिया का कहना है कि भागाटार स्थित सिंचाई विभाग के पास सड़क के किनारे हमारी जमीन सड़क के चौड़ीकरण और ओवरब्रिज में चली गई। हमारे परिवार में सात सदस्य हैं। दूसरे स्थान पर जमीन ली जाएगी। सड़क ठीक होने से नेपाल बार्डर तक आना-जाना आसान हो जाएगा।
भागाटार निवासी राज कुमार का कहना है कि शासन के द्वारा सड़क के चौड़ीकरण और ओवरब्रिज के लिए जमीन के चली गई है। लंबे समय बाद तो फोरलेन देखने को मिलेगा। सड़क के निर्माण के प्रक्रिया शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में बेहतर सड़क बन जाएगी तो आवागमन बढ़ेगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
-
फोरलेन निर्माण पर कुल 809.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे
महराजगंज से निचलौल-ठूठीबारी तक कुल 40.390 किलोमीटर तक सड़क बनाई जाएगी। इसपर कुल 809.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क चौड़ीकरण के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण व जिला प्रशासन द्वारा कैपिटल थ्री-ए के तहत सड़क का सर्वे कर वहां लाल निशान व पिलर लगाने का काम पूरा हो गया है। निचलौल-ठूठीबारी मार्ग का शहर में चौड़ीकरण होने पर 800 से अधिक घर और दुकानें आई हैं।
-
हाईवे निर्माण के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पेड़ों की कटाई हो रही है। आने वाले दिनों में काम में तेजी आएगी।
प्रभात चौधरी, अधिशासी अभियंता, एनएचएआई