फोटो- लगभग 24 घंटे बाद भी नहीं बदला जा सका ट्रांसफार्मर, फोन उठाने से भी कतराते रहे जिम्मेदार
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिला मुख्यालय के गोरखपुर रोड पर जल निगम के पास लगा ट्रांसफाॅर्मर शनिवार की रात जल गया। इससे वार्ड के लोगों को रविवार को 24 घंटे बाद भी बिजली नहीं मिल पाई, जिससे वार्डवासी रात व दिन में मुश्किलों से जूझते रहे। वार्ड के लोग बिजली विभाग के जिम्मेदारों काे मोबाइल फोन मिलाते रहे, लेकिन वे काॅल उठाने से बचते रहे। एक लाइनमैन ही लोगों को ट्रांसफाॅर्मर आने के बाद आपूर्ति बहाल होने की बात कह आश्वस्त करता रहा।
शासन की तरफ से निर्देश हैं कि बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए, लेकिन जब भी थोड़ी अधिक गर्मी व उमस हो रही है, तो जर्जर ट्रांसफाॅर्मरों में फाल्ट बढ़ जा रहा है। जो ठीक होने लायक है, उसे तो कर्मी सही कर रहे हैं, मगर जहां ट्रांसफाॅर्मर जल रहा है वहां तुरंत सुधार की दिशा में कोई प्रयास नहीं हो पा रहा है। शनिवार की रात गोरखपुर रोड पर स्थित दो ट्रांसफाॅर्मर खराब हो गए, जिससे जयप्रकाश नगर व पड़री में आपूर्ति प्रभावित हो गई। सूचना पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने रात में एक बजे पड़री के कुछ हिस्सों में बिजली बहाल कर दी, मगर जयप्रकाश नगर के ट्रांसफाॅर्मर के जल जाने से 4000 से अधिक की आबादी को मुश्किलों से जूझना पड़ा।
लोगों ने जैसे-तैसे रात तो काट ली, मगर रविवार सुबह से लेकर शाम तक काफी दुश्वारियों से जूझना पड़ा। छुट्टी का दिन होने से जहां कामकाजी लोगों को अपने आवश्यक कार्य करने में समस्या आई, वहीं विश्वकप का पहला मैच खेल रहे भारत का मुकाबला देखने से भी लोग वंचित रहे।
-
बिजली न होने से नहीं चले मोटर, इनवर्टर भी बैठे
बिजली के लगभग 24 घंटे तक न आने से जहां लोगों के घरों के इनवर्टर बैठ गए, वहीं मोटर न चलने से पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। हैंडपंप के सहारे किसी तरह लोगों ने काम चलाया। मोबाइल फोन को लोगों ने अन्य वार्डों में जाकर चार्ज किया तथा विद्युत कर्मियों से संपर्क साधने का प्रयास शुरू किया। जिम्मेदार जहां मोबाइल फोन उठाने से बचते रहे, वहीं एक कर्मी की ओर से बिजली व्यवस्था रात तक बहाल होने के लिए आश्वस्त किया जाता रहा।
-
क्या कहते हैं वार्डवासी
जयप्रकाश नगर में रहने वाले दीनानाथ खरवार ने बताया कि शनिवार को रात आठ बजे के बाद बिजली खराब हो गई। कर्मियों ने आकर देखा तो ट्रांसफाॅर्मर जला होना बताया गया। बिजली के न मिलने से इनवर्टर भी बैठ गया। मोटर भी नहीं चल सका। बिजली निगम के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, मगर उनका फोन नहीं उठा। वार्ड में दुकान चलाने वाले छोटेलाल खरवार शाम के वक्त दुकान के अंधेरे में बैठे दिखे। उन्होंने बताया कि बिजली के न होने से दुकान में अंधेरा है, उमस व गर्मी ने ही समस्या बढ़ाई है। निगम कर्मी भी आपूर्ति सुधारने के प्रति गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
लो वोल्टेज से भी जूझ रहे कई वार्ड
बिजली की बदहाली किसी एक वार्ड में नहीं है। अधिकांश वार्ड के लोग लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। शनिवार को ही रात में ऑफिसर्स काॅलोनी के पास भी बिजली खराब हुई, उसे सही तो किया गया, मगर वार्ड के अधिकांश घरों में लो वोल्टेज की समस्या हो गई। इसके बारे में बिजली निगम के कर्मियों को कई बार सूचित भी किया गया है, मगर उनकी ओर से ध्यान ही नहीं दिया गया। इसके साथ ही सक्सेना नगर, बिस्मिल नगर, सिविल लाइंस आदि वार्डों में भी लोवोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
समस्या दूर कराने के लिए ट्रांसफाॅर्मर व क्रेन मंगाई जा रही है। रात नौ बजे तक आपूर्ति के बहाल होने की उम्मीद है। मोबाइल न उठाए जाने की बात निराधार है।
-राहुल शर्मा, अधिशासी अभियंता