हादसे में घायल तीनों संविदाकर्मी बिजलीकर्मी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मुख्यालय स्थित पावर हाउस परिसर में शनिवार रात लगभग 11.50 बजे 10 एमबीए का ट्रांसफार्मर चार्ज करने के दौरान अचानक ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ ब्लास्ट कर गया। विस्फोट इतना तेज था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां काम कर रहे चार विद्युत कर्मी गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना में घायल कर्मियों की पहचान प्रदीप वर्मा निवासी कामता बुजुर्ग, गोरख भागाटार, सहदेव राजमंदिर तथा संपूर्णानंद निवासी कप्तानगंज के रूप में हुई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में सहदेव की हालत गंभीर है। डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय के जेई संतोष पांडेय और जेई आलोक कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे तथा हादसे की जानकारी ली। अधिकारियों ने कर्मचारियों से घटना के संबंध में पूछताछ कर ब्लास्ट के कारणों की जांच शुरू कर दी है।