आंधी के कारण रेलवे के विद्युत आपूर्ति ठप होने से तीन घंटे गाड़ियों का संचालन बंद रहा, यात्री गा
रेलवे ट्रैक पर लगाए गए बिजली के तारों पर पेड़ों के गिरने से आई दिक्कत
महराजगंज। रेलवे ट्रैक पर लगाए गए बिजली के तारों पर तेज आंधी में पेड़ों के गिरने से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण कई ट्रेनों का संचालन तीन घंटे बंद रहा। स्टेशन पर यात्री परेशान रहे।
सिसवा रेलवे स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार कुशवाहा ने बताया कि तेज आंधी की वजह से सिसवा-घुघली के बीच रेलवे के विद्युत तारों पर कई पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति गुल हो गई थी। उसी दौरान सिसवा रेलवे स्टेशन से मालगाड़ी घुघली की ओर जा रही थी जैसे ही मालगाडी 2:15 मिनट पर स्टार्टर सिग्नल पार की थी, बिजली नहीं मिलने से वहीं खड़ी हो गई।
इसके अलावा घुघली स्टेशन पर गोरखपुर जाने वाली पैसेंजर, खड्डा स्टेशन पर गोरखपुर जाने वाली बांद्रा एक्सप्रेस और कप्तानगंज स्टेशन पर बिहार जाने वाली पोरबंदर एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी हो गई। इन ट्रेनों को तीन घंटे खड़ा रहना पड़ा। तीन घंटे के बाद 5:15 मिनट पर बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद गाड़ियों का संचालन शुरू हो सका। इस दौरान सभी स्टेशनों पर यात्री परेशान रहे। संवाद