- उद्योग बंधु की बैठक में बोले जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। स्वरोजगार के विकास के लिए ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान व कौशल विकास मिशन के तहत कार्यशाला आयोजित कर युवाओं को प्रशिक्षित किया जाए। प्रशिक्षित युवाओं को ऋण दिलाते हुए उनके विकास में सहभागी बना जाए।
ये बातें जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु और जनपदस्तरीय एमओयू क्रियान्वयन संबंधित समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए शॉर्टलिस्ट व रेडी लिस्ट में शामिल निवेश प्रस्तावों की जानकारी ली और इन परियोजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया। धारा-80 के संदर्भ में प्राप्त आवेदनों की सूची प्रस्तुत करने और संबंधित एसडीएम के साथ बैठक आयोजित करने के लिए कहा। पॉलीथिन के प्रयोग को रोकने के लिए व्यापार मंडल के साथ सभी ईओ की बैठक भी करवाने के लिए उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने उपस्थित उद्यमियों की समस्याओं को सुना और आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से उन्हें पूरा सहयोग दिया जाएगा। उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना,प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम व एक जनपद, एक उत्पाद योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य, प्रेषित, स्वीकृत आवेदन व ऋण वितरण के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान परियोजना अधिकारी रामदरश चौधरी व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।