पनियरा। पकड़ी से पनियरा मार्ग पर बलिया नाले पर बना पुल छह माह से क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन बंद है। इससे करीब 50 गांवों की एक लाख की आबादी परेशानी झेल रही है। अधिकारियों ने पुल के दोनों तरफ दीवार बनाकर मार्ग बंद कर दिया है। इसके बाद भी लोग जान जोखिम में डालकर आ-जा रहे हैं, लेकिन उन्हें रोकने वाला कोई नहीं है।
जानकारी के अनुसार पनियरा बाजार गांगी बाजार, मुजुरी बाजार एवं क्षेत्र के भवानीपुर, रामनगर, जर्दी तेंदुअहिया सतगुर, लक्ष्मीपुर, औसानी दरगाह, महुआ शुक्ल, खजुरिया, रानीपुर बैदा, मोहद्दीनपुर, मौलागंज सोहास, पिपरा खुर्द, कमासिन बुजुर्ग, डिंगुरी समेत लगभग 50 गांवों के लोगों को अपने जरूरी काम को लेकर जिला मुख्यालय जाने में 20 किलोमीटर अधिक चक्कर लगाकर जाना पड़ रहा है, जिससे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ. राजेन्द्र सिंह, मनोज कुमार, वीरेंद्र निषाद, धर्मेंद्र सिंह, दिनेश त्रिपाठी, राजेश सहानी आदि ने कहा कि जिला मुख्यालय पर पहुंचने के लिए 20 किलोमीटर अधिक दूरी तय करके रामनगर होते हुए महलगंज से होकर जाना पड़ रहा है।
बलिया पुल के निर्माण के लिए शासन स्तर पर स्टीमेट बनाकर फाइल भेजी गई है। धन स्वीकृत होते ही पुल का निर्माण शुरू कराया जाएगा। पुल के दोनों तरफ दीवार खड़ी करके आवागमन बंद कर दिया गया है।
-गंगासागर यादव, अधीशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग