गलत तरीके से वाहन पास कराने से लगा जाम, घंटों परेशान रहे लोग
नौतनवा बाईपास से टेंपो स्टैंड पर गलत तरीके से पास कराकर भेजी जा रहीं हैं गाड़ियां
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनौली। भारत नेपाल सीमा सोनौली बॉर्डर पर दिवाली पर्व पर फिर से 10 किलोमीटर का जाम लग गया है। इसकी वजह से दलाल फिर सक्रिय हो गए है और माल वाहक ट्रकों को कतार से निकाल कर नेपाल पहुंचा रहें हैं। जिसके एवज में पुलिस को मोटी रकम मिल रही है। सूत्रों की मानें तो ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों की मदद से इस काम को अंजाम दिया जा रहा है।
दशहरा में सोनौली बॉर्डर पर करीब 18 किलोमीटर मालवाहक ट्रकों का जाम लग गया था। अब दिवाली पर फिर से सीमा पर ट्रकों की लाइन लगनी शुरू हो गई है। नेपाल के व्यापारी सामान को किसी भी हालत में पास कराने के लिए दलालों को मोटी रकम देने को तैयार हैं। सूत्रों के अनुसार सोनौली और नौतनवा पुलिस की मिलीभगत से नौतनवा थाना क्षेत्र के बनेलिया मंदिर से कतार से निकाल कर सोनौली के बुद्ध चौक तक पहुंचाई जा रही है।
वहां से सिपाहियों से लाइन मिलने के बाद उक्त सभी ट्रक सोनौली कस्बे में सीधे टेंपो स्टैंड पहुंच जा रहे हैं। जिसके कारण अन्य वाहनों के लिए आने-जाने वाली दूसरी लेन पर जाम लग जा रहा है। कटिंग (गलत ढंग से पास कराने) कर गाड़ियों को भगाने के चक्कर में चालक बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रह रही है।
शुक्रवार की शाम करीब चार बजे नौतनवा के बनैलिया मंदिर से कटिंग कर लाए गए दर्जनों ट्रक सोनौली के बुद्ध चौक पर पुलिस के सिग्नल मिलते ही सोनौली कस्बे के टेंपो स्टैंड पर भागने लगे। इस दौरान टेंपो स्टैंड पर करीब एक घंटे जाम रहा। क्षेत्राधिकारी नौतनवा आभा सिंह ने बताया कि कटिंग करने वाले दलालों एवं चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।