भारत के सबसे ऊंचे पर्वत के उत्तरी बेस पर लहराया तिरंगा झण्डा।संवाद
महराजगंज। गांगी बाजार चंद्रजीत कुमार पांडेय व बागापार के जितेंद्र शर्मा भारत के सबसे ऊंचे पर्वत के उत्तरी बेस पर तिरंगा झंडा लहराए। ये दोनों लोग शिक्षक हैं। इनकी यात्रा नौ अप्रैल 2023 को शुरू हुई। बिहार के रास्ते नेपाल पहुंचे।
नेपाल के ताप्लेजुंग जिले में पहुंच कर वहां के कंचनजंघा कंजरवेशन एरिया के प्रशासन को सूचित कर अपना परमिट बनवाया और लगभग 220 किमी यात्रा प्रारम्भ की। पांच दिन की यात्रा करने के बाद ये दोनों घुंनसा पहुंचे। इसकी ऊंचाई लगभग 3500 मीटर है। वहां पर एक दिन रुककर चुनौतीपूर्ण यात्राओं के लिए तैयार हुए।
जितेंद्र शर्मा ने बताया कि अगले दिन घुंनसा से निकल कर सात घंटे की खतरनाक जंगली पहाड़ी यात्रा करने के बाद खांबेचन ऊंचाई 4100 मीटर पर पहुंचा। रास्ते इतने खतरनाक कि हर कदम पर मौत नजर आ रही थी। लोनक जाने के दौरान पूरे रास्ते ग्लेशियर के ऊपर गिरते रहे थे। जबरदस्त बर्फबारी हो रही थी। इससे आगे बढ़ना खतरों से खाली नहीं था।
बर्फबारी बंद हुई तो हाथ में तिरंगा लेकर निकले। भारत के सबसे ऊंचे पर्वत की चोटी कंचनजंघा के उत्तरी बेस पर पहुंचे, जिसकी ऊंचाई 5143 मीटर है। 22 अप्रैल को दिन में 11:50 बजे भारत का तिरंगा लहराया। संवाद