महराजगंज। साइबर थाना की ओर से मंगलवार को राजकीय पुस्तकालय, महराजगंज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों एवं पुस्तकालय में आने वाले पाठकों को विभिन्न साइबर अपराध जैसे ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी/लिंक फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट एवं अन्य साइबर धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही साइबर अपराधियों से बचने के तरीके भी बताए गए। सााइबर थाना के प्रभारी सजनू यादव ने बताया कि अनजान कॉल, मैसेज, ई-मेल अथवा लिंक पर बिना जांच किये विश्वास न करें और अपनी निजी और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध के शिकार होते हैं तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime. gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके।कार्यक्रम में नए कानूनों और साइबर अपराध से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में साइबर थाना टीम के उप निरीक्षक अमित यादव, कांस्टेबल प्रफुल्ल कुमार यादव, लाल बहादुर यादव शामिल रहे।