सिसवा बाजार। साइबर ठगों ने शिक्षक के खाते व क्रेडिट कार्ड से आठ लाख रुपये उड़ा लिए। शिक्षक ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। साइबर थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिसवा कस्बे के बीआरसी परिसर स्थित प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक सत्येंद्र कुमार मिश्रा ने साइबर क्राइम ब्रांच व स्थानीय पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि भारतीय स्टेट बैंक के खाते के साथ आईसीआईसीआई व एसबीआई क्रेडिट कार्ड से हैकरों ने दो से सात फरवरी के बीच आठ लाख पैंतीस हजार रुपये निकाल लिए। इसकी जानकारी होते ही शिक्षक ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। शिक्षक का कहना है कि क्रेडिट कार्डों का अभी तक उन्होंने कोई पिन कोड भी नहीं बनाया था फिर भी साबइर ठगी के शिकार हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि पहले दो तीन बार एक व्यक्ति का फोन आया था। उसने बताया कि वो आईसीआईसीआई बैंक से बात कर रहा है। आपका क्रेडिट कार्ड बंद होने वाला है और आपको बिल जमा करने में दिक्कत होगी। नजरअंदाज करने के बावजूद वो बार-बार फोन करता रहा। दो फरवरी को पुनः फोन आया उसने मेरे क्रेडिट कार्ड व आधार कार्ड का नंबर बताकर चेक करने के लिए बोला मैंने हां बोल दिया। इसके बाद उसने कहा ठीक है मैं आपका काम कर दूंगा। कुछ देर बाद मैसेज आया जिसमें कई खातों और क्रेडिट कार्ड से 2-7 फरवरी के बीच आठ लाख पैंतीस हजार रुपये निकाल लिए गए।
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय ने कहा कि साइबर थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्राधिकारी अनिरूद्ध कुमार ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।