खनुआ। सशस्त्र सीमा बल 66वीं वाहिनी के बीओपी सुंडी के जवानों ने गश्त के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से पिकअप, दो ई-रिक्शा पर लदा प्याज सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में नौतनवा कस्टम को सौंप दिया।
सशस्त्र सीमा बल 66 वीं वाहिनी के कमांडेंट जगदीश प्रसाद धाबाई ने बताया तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जवान पूरी तरह से सर्तक हैं, जिसके तहत सुंडी बीओपी के जवान गश्त पर निकले। इस बीच गांव से कुछ दूरी पर भारतीय सीमा क्षेत्र की तरफ से एक पिकअप और एक ई-रिक्शा आते दिखे। जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मोहम्मद आलम निवासी त्रिलोकपुर थाना सोनौली और दूसरा आरोपी अपना नाम शैलेंद्र निवासी बहादुर शाह नगर नौतनवा बताया। पिकअप और ई-रिक्शा से 34 बोरी प्याज बरामद हुई। वहीं आराजी सरकार उर्फ बैरिहवा गांव के पास एक ई-रिक्शा आता दिखाई दिया। जवानों ने रोककर पूछताछ की तो आरोपी ने अपना नाम मोक्द्दर निवासी बहादुर शाहनगर नौतनवा बताया। उसके पास से 10 बोरी प्याज बरामद हुई।