निचलौल क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसे, चार घायलों की हालत गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज/निचलौल। क्षेत्र में अलग अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को लोगों की मदद से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। जबकि चार युवकों की हालत बिगड़ते देख डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, अन्य घायलों को इलाज के बाद दवा देकर घर भेज दिया गया। हादसे की सूचना पाकर अस्पताल पर पहुंचे घायलों के परिजनों में कोहराम मचा रहा।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात को कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत जहदा निवासी मनीष (30) और कन्हैया (32) कटहरी से मूर्ति देख एक बाइक से सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। अभी वह रमपुरवा गांव के पास पहुंचे थे कि इसी बीच उनकी बाइक अचानक विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गई। जिस दौरान बाइक सवार दोनों युवक मनीष और कन्हैया सड़क पर गिर घायल हो गए।
हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा में भर्ती कराया गया। जहां पर इलाज के दौरान घायल दोनों युवक मनीष और कन्हैया की मौत हो गई। युवकों की मौत के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई। कोठीभार थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय ने कहा कि हादसे की सूचना पाकर मौके पर पुलिस टीम पहुंची थी। मृत दोनों युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इसी तरह निचलौल थाना क्षेत्र के कुंवारीसती गांव निवासी नीरज प्रजापति (20) गांव के ही रहने वाले दो दोस्त अमन पटेल (19) और अनूप निषाद (20) के साथ एक बाइक से सिसवा की ओर जा रहे थे। अभी बाइक सवार तीनों युवक निचलौल सिसवा मार्ग पर शहर से कुछ दूर आगे सात पांच पुल के पास पहुंचे थे। इसी बीच अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई। फिर एक वाहन के चपेट में आ गई।
जिस दौरान बाइक सवार नीरज,अमन और अनूप सड़क पर गिर कर घायल हो गए। तीनों घायलों को लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद एक युवक नीरज को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो युवक अमन और अनूप की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस संबंध में निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि हादसे की जानकारी पाकर अस्पताल पुलिस टीम पहुंची थी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक अन्य घटना में निचलौल सिसवा मार्ग पर ही हुए सड़क हादसे में दो बाइक सवार राजू (43) निवासी महूअवा थाना नौतनवा, मोहारात (70) निवासी मनिकापुर थाना बरगदवा और मोनू कुमार (25) निवासी वसूली फॉर्म थाना कोठीभार घायल हो गए। मोनू और राजू की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जबकि निचलौल ठूठीबारी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार आकाश (21) सदरे आलम (18) और अजीत (17) निवासी लोहरौली घायल हो गए।
निचलौल शहर में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार राज (17) निवासी निचलौल घायल हो गए। ईटहिया मार्ग पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार मनोज (28) निवासी धमउर घायल हो गए। चिऊटहा सिंदुरिया मार्ग पर हुए सड़क हादसे में सुबास चौरसिया (50) निवासी चिऊटहा घायल हो गए। शहर में थाना मार्ग पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार सार्थक (41) निवासी माड़वाडी मुहल्ला घायल हो गए।
ठूठीबारी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में साइकिल सवार चंद्रिका यादव (62) घायल हो गए। झुलनीपुर नहर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में अनिल (27) निवासी बैदौली घायल हो गए। निचलौल बहुआर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार तीन युवक धीरू (19) शमशाद अंसारी (16) और गोलू (14) निवासी बहुआर घायल हो गए।
-
तीनों युवकों ने नहीं लगाए थे हेलमेट
निचलौल सिसवा मार्ग पर रमपुरवा और सात पांच पुल के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मुताबिक बाइक सवार तीनों मृत युवक हादसे के वक्त हेलमेट नहीं लगाए थे। शायद हेलमेट लगाए होते तो उनकी भी जान बच गई होती। आगे इन लोगों ने कहा की सड़क पर चलते वक्त अधिकांश बाइक सवार युवक हेलमेट लगाना पसंद नहीं कर रहे है। यही कारण है की छोटे हादसे में भी जान चली जा रही है।
10 दिन पहले गुजरात से आया था नीरज
कुंवारीसती गांव के रहने वाले ग्रामीणों ने बताया कि निवासी रामदेव प्रजापति के दो लड़के सूरज और नीरज थे। आर्थिक तंगी से गुजरते हुए रामदेव ने दोनों बेटों को प्राथमिक शिक्षा दिलाने के साथ ही उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करा दिया। अभी दोनों की शादी नहीं हुई थी। दोनों गुजरात में रहकर एक केमिकल फैक्ट्री में काम करते थे। जहां से नीरज दशहरा का पर्व मनाने के लिए करीब 10 दिन पहले घर आया था। नीरज मंगलवार को खाना खाने के बाद दो दोस्तों के साथ मेला देखने के लिए घर से निकला था। इसी बीच दोपहर में सात पांच पुल के पास हुई सड़क हादसे में नीरज की मौत हो गई। नीरज की मौत से पिता रामदेव और मां उर्मिला देवी की रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
-