खनुआ। एसएसबी 66 वीं वाहिनी के बीओपी सुंडी के जवानों ने एक सूचना पर बृहस्पतिवार को 14 बोरी खाद बरामद की। आराजी सरकार उर्फ बैरिहवा गांव के पहाड़ी टोला के पास से साइकिल पर लदी डीएपी और यूरिया बरामद कर नौतनवा कस्टम को सौंप दिया गया। असिस्टेंट कमांडेंट हरि मोहन मीणा ने बताया कि जवान गश्त पर निकले थे। तभी सूचना मिली कि कुछ लोग आराजी सरकार उर्फ बैरिहवा गांव के पहाड़ी टोला के पास साइकिल पर खाद लेकर नेपाल जाने की फिराक में हैं। सूचना पर जवान मौके पर पहुंचे तो देखा कि आरोपी जवानों को देखते ही साइकिल छोड़ कर भागने लगे। जवानों ने दौड़ाया तो तीन पकड़ लिए गए। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम झिनकू निवासी मर्चवारी गाऊं पालिका नेपाल, रामसमुझ बनिया निवासी खजहना नेपाल और भोला यादव, निवासी सर्वोत्तरपुर नेपाल बताया। सामानों की गिनती कराई गई तो उनके पास से 10 बोरी यूरिया और चार बोरी डीएपी खाद, तीन साइकिलें बरामद हुईं। बरामद यूरिया खाद, डीएपी, साइकिल सहित तीनों आरोपियों को कार्रवाई हेतु नौतनवा कस्टम को सौंप दिया गया।