ढेसों में ध्वस्त नाली का मरम्मत कराने के लिए मिट्टी की खुदाई कराते ग्राम प्रधान
निचलौल। ब्लॉक क्षेत्र के ढेसो गांव में ग्राम पंचायत की ओर से बनवाई गई लाखों रुपये की लागत से नाली में जिम्मेदारों ने जमकर मनमानी की थी। इसके चलते निर्माण के चार माह बाद ही नाली ध्वस्त हो गई। अमर उजाला ने सात जुलाई के अंक में छह की सड़क, चार लाख से बनी नाली ध्वस्त शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। उसके बाद नाली निर्माण कार्य में धांधली करने वाले जिम्मेदारों में हड़कंप मच गई।
खबर का संज्ञान लेते हुए विभाग के अधिकारियों को ध्वस्त नाली की तत्काल मरम्मत कराने के लिए निर्देश दिए तो जिम्मेदार सोमवार को नाली की मरम्मत में जुट गए। मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान मोहन यादव ने कहा की ढेसो में चार माह पहले लगभग डेढ़ सौ मीटर लंबी और तीन फीट चौड़ी तथा लगभग एक मीटर गहरी नाली का निर्माण कार्य कराया गया था। जिसपर मनरेगा योजना से लगभग चार लाख रुपये भी खर्च किए गए थे, जो कई जगह ध्वस्त हो गई है। मामले में अधिकारियों का निर्देश मिलते ही ध्वस्त नाली का मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है। ताकि लोगों को बारिश में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।