गोरखपुर किराना मंडी सामान खरीदने के लिए जाते समय धानी ढाला फरेंदा में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। लोटन बाजार से गोरखपुर जाते समय धानी ढाला से पिकअप की डिकी से उचक्कों ने तीन लाख साठ हजार रुपये उड़ा दिए। जिसकी जानकारी चालक को हुई तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर घटना की जांच में जुट गई है।
सिद्धार्थनगर के लोटन बाजार निवासी सुभाष जायसवाल चौराहे पर किराने की दुकान करते हैं। शुक्रवार को दिन में वह अपने पिकअप चालक परवीन निवासी धरैचा कोल्हुई को 3 लाख 60 हजार रुपये देकर गोरखपुर सामान लेने के लिए मंडी भेजे थे। चालक रुपये को पिकअप की डिकी में रखकर अपने खलासी अंकित के साथ गोरखपुर के लिए चला था कि फरेंदा कस्बे के धानी ढाला पर पिकअप में कुछ गड़बड़ी देखकर मिस्त्री के वहां रोककर बनवाने लगा। कुछ देर के बाद वापस पिकअप में आया तो देखा कि डिकी से रुपये गायब हैं। रुपये गायब देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल इसकी सूचना मालिक व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर जांच में जुट गई। घटनास्थल के अगल बगल लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया शक खलासी पर जा रहा है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जा रही है।