नौतनवा में चोरी के बाद घटना स्थल की जांच करते सीओ नौतनवां अजय सिंह चौहान।संवाद
पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को उठाया
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नगर के मौलाना आजाद नगर वार्ड में सोमवार की देर रात चोरों ने दो घरों को खंगाला। दोनों घरों से चोर नकदी समेत लाखों का जेवर उठा गए। घर के लोगों को चोरी की जानकारी मंगलवार की सुबह हुई। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को उठाया है।
जानकारी के मुताबिक, नौतनवा कस्बे के वार्ड नंबर 11 मौलाना आजाद नगर निवासी राजीव कुमार वर्मा के घर सोमवार की देर रात अज्ञात चोर सीढ़ी के रास्ते घर में घुस गए। घर में फ्रीज के पास रखी चाबी को निकाल कर आलमारी से एक लाख 50 हजार नकदी तथा सोने-चांदी के जेवर को चुरा लिया। पीड़ित राजीव के मुताबिक नकदी और जेवर समेत करीब बीस लाख रुपये की चोरी हुई है।
इसके बाद चोरों ने वार्ड में ही श्यामा देवी के घर में बाक्स तोड़कर कान का झुमका व बाली चुरा लिया। हालांकि उन्होंने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पीड़ित राजीव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले के बारे में जानकारी ली। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि चोरी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर आठ से दस की संख्या में संदिग्ध युवकों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय सिंह चौहान ने भी सूचना मिलने के बाद घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति को देखा एवं परिवार के सदस्यों से जानकारी ली। जिला मुख्यालय से आई टीम ने भी आलमारी के आसपास उपलब्ध फिंगरप्रिंट आदि के नमूना लिए।