महराजगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद के राजकीय स्कूलों में अध्ययनरत छात्राओं के प्राथमिक उपचार के लिए स्कूलों में आकस्मिक उपचार कक्ष की व्यवस्था होगी। विद्यालय अवधि में अगर छात्राओं को स्वास्थ्य, पोषण एवं अन्य कोई समस्या होती है तो उसका समाधान इस उपचार कक्ष में किया जाएगा।
उपचार के लिए आसपास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से महिला डॉक्टरों को बुलाया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी विद्यालय की उस नोडल शिक्षिका/शिक्षक की होगी। जिसे छात्राओं की देखरेख एवं सहयोग के लिए मनोनीत किया गया है। छात्राओं को सामान्य उपचार की आवश्यकता पड़ती है, तो उनका उपचार नोडल शिक्षिका की ओर से ही किया जाएगा।
जनपद में 28 राजकीय माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। जुलाई माह में विद्यालय खुलते ही आकस्मिक उपचार कक्ष काम करना शुरू कर देगा। प्राथमिक उपचार किट के लिए आवश्यक दवाओं की खरीद डाॅक्टर के परामर्श से की जाएगी। निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर छात्राओं को निशुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा विद्यालय में आवश्यकता अनुसार सेनेटरी नैपकिन स्टॉक के रूप में संरक्षित भी रखी जाएगी।
राज्य परियोजना की निदेशक (समग्र शिक्षा) कंचन वर्मा का आदेश आया है। सभी राजकीय स्कूलों में एक अलग उपचार कक्ष की व्यवस्था व दवाओं की उपलब्धता तय करनी है। आदेश के बावत सभी राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को बताया गया है।
-अमरनाथ राय, जिला विद्यालय निरीक्षक