ताला तोड़कर घर में चोरी
नौतनवां। मालवीय नगर वार्ड स्थित दो मंजिला घर से सोमवार देर रात चोर नकदी और जेवर उठा ले गए। पीड़ित विनोद जायसवाल ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, मालवीय नगर वार्ड में विनोद जायसवाल का घर है। वहां उनकी मां बच्ची देवी रहती हैं। विनोद कस्बे में ही स्थित मधुवन नगर वार्ड में अपने दूसरे घर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को उनकी मां इलाज कराने के लिए गोरखपुर गई थीं। घर पर कोई नहीं था। इसका फायदा उठाकर सोमवार रात मुख्य दरवाजे पर लगा ताला तोड़कर चोर घर में दाखिल हो गए और कमरों में लगे ताले तोड़कर सामन उठा ले गए।
विनोद ने बताया कि जानकारी होने पर मंगलवार सुबह घर पहुंचे तो सभी ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। सीओ अनुज कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।