महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज के सिविल लाइन वार्ड में सोमवार को एक कांप्लेक्स की दीवार अचानक गिर गई। इसके जद में आकर हाईटेंशन तार और बिजली का खंभा ध्वस्त हो गया। गनीमत रहा की कोई इसकी चपेट में नहीं आया। बिजली आपूर्ति अचानक बाधित हो गई।
सिविल लाइन वार्ड में पुरानी बृहस्पतिवार बाजार है। इसमें एक कांप्लेक्स का निर्माण पांच वर्ष पहले हुआ था। दुकान के मालिक दोपहर बाद दीवार के बरजे को तोड़वा रहे थे, तभी उससे जुड़ी दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। दीवार गिरने के कारण यहां से होकर गुजरा हाईटेंशन तार व खंभा भी ध्वस्त हो गया।
गनीमत रहा कि बिजली कट गई अन्यथा लगभग 15-20 घरों में करंट उतरने का भय था। मोहल्ले के अविनाश यादव, सब्बीर अहमद, साहिल, शकील, चुन्ना खान, जावेद, रामगोपाल, लाट, रामरतन, रामनैन आदि लोगों ने तार व खंभा सही कराते हुए बिजली आपूर्ति सही कराने की मांग नगर पालिका व बिजली विभाग से मांग की है।