शहर में बैरिकेडिंग कर जाम से बचाने में जुटी रही यातायात पुलिस
सक्सेना चौक से लेकर सभी प्रमुख स्थानों पर तैनात रही पुलिस, शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रही रोक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। दशहरा पर्व पर शहर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस को पसीना बहाना पड़ा। सक्सेना चौक से लेकर सभी प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग और भारी वाहनों के शहर में आने से रोक की वजह से यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की कोशिश सफल दिखी। त्योहार को देखते हुए शहर में चहल पहल ज्यादा रही। सुबह से लेकर देर रात भीड़ लगी रही।
सोमवार सुबह 11 बजे सक्सेना चौक पर यातायात उप निरीक्षक गुड्डू प्रभाकर टीम के साथ बैरिकेडिंग स्थल पर नजर आए। वह टीम के साथ खड़े होकर वाहन चालकों को जरूरी दिशा निर्देश देते नजर आए। जांच के दौरान ही एक ट्रैक्टर ट्राली दिखी तो उसे शहर के मुख्य मार्ग से वापस करते हुए डायवर्जन क्षेत्र से जाने के लिए बोले। इसी तरह से शहर में उद्योग चौराहे पर भी यातायात पुलिस सक्रिय नजर आई। यहां भी कर्मी बड़े वाहनों को उद्योग वाले रास्ते से मोड़ दे रहे थे।
चौक रोड पर सोनपति देवी डिग्री काॅलेज के पास भी यातायात पुलिस तैनात रही। इन स्थानों के अलावा एक टीम शहर में भ्रमण कर यातायात व्यवस्था को ठीक करने में जुटी रही। त्योहार होने के कारण शहर में भीड़ बढ़ गई थी। काॅलेज रोड पर बस स्टेशन से लेकर दुर्गा मंदिर से आगे तक सड़क के किनारे बाइक खड़ी रही। इस वजह से रुक रुक कर जाम लग रहा था, लेकिन ज्यादा थोड़ी देर में स्थिति सामान्य हो गई। दुर्गा मंदिर के पास पूजा करके निकले सत्यम तिवारी ने बताया कि इस बार शहर में यातायात व्यवस्था कुछ ठीक है। बड़े वाहनों को अंदर नहीं आने से समस्या नहीं हो रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि शहर में रूट डायवर्ट कर दिया गया है। निर्धारित रूट से वाहनों को आने जाने की अनुमति दी गई है। सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था दुरूस्त करने में सतर्क है। प्रत्येक हलचल पर नजर रखी जा रही है।