-सोनौली सीमा से गोरखपुर, दिल्ली, बंगलूरू समेत अन्य महानगरों तक फर्राटा भर रहे डग्गामार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनौली। सोनौली सीमा से लेकर दिल्ली, बंगलूरू तक के डग्गामार वाहनों की भरमार हो गई है। इस पर पुलिस और संभागीय विभाग की नजर नहीं है। सीमा के मुख्य गेट व सोनौली रोडवेज बस स्टेशन के पास डग्गेमारी सवारी भरने और यात्रियों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं।
कभी कभार संभागीय व पुलिस विभाग डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई तो करता है, जिसके बाद कुछ दिनों के लिए यह काम बंद कर दूसरे बॉर्डर पर चले जाते है। फिर कुछ दिनों के बाद सवारी भरने का काम शुरू हो जाता है। सोनौली रोडवेज बस स्टैंड व टेंपो स्टैंड के पास डग्गामार बसों व प्राइवेट चार पहिया वाहनों का जमावड़ा जारी है। बसों की मनमानी इतनी चरम पर है कि वह सवारी भरने सोनौली बाॅर्डर पार कर नेपाल के बेलहिया, भैरहवा व बुटवल से सवारी उठा कर इन बसों को दिया जा रहा है।
नेपाल में पर्यटकों को लेने के नाम पर खाली जा रही बसें वापसी में खचाखच भर के आती हैं, जिससे भारतीय रोडवेज परिवहन विभाग को प्रति माह लाखों रुपये का चूना लग रहा है। सोनौली बस डिपो से करीब 36 यात्री बस गोरखपुर समेत अन्य प्रदेश के नगरों तक चलती हैं, लेकिन उनको पर्याप्त मात्रा में यात्री नहीं मिल रहे हैं। जबकि डग्गामार वाहन यात्रियों को गुमराह कर और अपने वाहनों को सरकारी यात्री वाहन बता किराए के रूप में अधिक रकम वसूल रहे हैं।
-
मैत्री बस के नाम पर दर्जन से अधिक बस और डग्गामार वाहन सोनौली से सवारियों को भ्रमित कर बैठा लेते हैं, जिसकी कार्रवाई लिए कई बार एआरटीओ को पत्र लिखा गया है। एआरटीओ विनय कुमार ने बताया कि अगर ऐसी बात है तो अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
-एनके चौधरी, एआरएम, सोनौली डिपो