तेजाब पड़ते ही चीख पड़ी युवती, बोली अरे मां मैं तो मर गई, बचा लो
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती तेजाब के हमले में गंभीर रूप से झुलस गई है। चश्मदीदों की मानें तो प्रेमिका पर तेजाब फेंकने के लिए प्रेमी मास्क पहन कर काले रंग की स्कूटी से आया था। तेजाब पड़ते ही युवती जोर से चिल्लाई, बोली अरे मां मैं तो मर गई, मुझे बचा लोग, यह कहते हुए वह बेहोश हो गई। यह सब कुछ होने के बाद तमाम लोग एकत्र हो गए। गंभीर रूप से झुलसी युवती को पहले निजी अस्पताल में ले जाया गया, इसके बाद हालत में सुधार नहीं हुआ तो गोरखपुर किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, युवती के घर वाले शादी की तैयारी में जुटे थे। तबीयत खराब होने के कारण युवती अपनी मां के साथ इलाज कराने के बाद घर आ रही थी। उसे यह नहीं पता था की उसका प्रेमी पीछा कर रहा है। गांव से पहले ही मौका देखकर तेजाब फेंका और फरार हो गया। चश्मदीदों की मानें तो स्कूटी पर दो युवक सवार थे। दोनों ने चेहरे को मास्क से ढक रखा था। युवती के परिजन परेशान हैं कि शादी करीब है और ऐसी घटना हो गई। उसके परिजनों को डर है कि कहीं शादी टूट न जाए।
इस वजह से वे लोग कुछ कहने से परहेज करने के साथ ही तहरीर देने से बच रहे हैं। घटना के बाद गांव में प्रकरण को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। दूसरी ओर से युवती के घर वाले कोई सटीक जानकारी नहीं दे रहे हैं। गांव के कुछ लोग बता रहे हैं कि वह मां के साथ बाजार गई थी। कुछ यह कह रहे हैं कि इलाज कराने के बाद घर जा रही थी। घटना के सदर कोतवाली व भिटौली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटना स्थल से जरूरी साक्ष्यों को टीम एकत्र करने में जुटी है।
शादी की तैयारियों वाले घर पल भर खुशियां पल भर में दुश्वारियाें में बदल गई। घटना शाम सात बजे हुई तो पहले दबाने की कोशिश की गई, लेकिन गांव के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस को भी जरूरी जानकारी एकत्र करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लोगों की माने तो स्कूटी पर पुलिस लिखा हुआ था।
आरोपी की पहचान करने की कोशिश में टीम जुटी है। फाॅरेंसिक टीम जांच कर रही है। युवती के परिजनों से जरूरी जानकारी ली गई है। पुलिस की टीम उसके परिजनों से मिलने गोरखपुर गई है। युवती की हालत में सुधार है। वह करीब पांच से सात प्रतिशत ही झुलसी है। युवती के घरवाले कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं, लेकिन पुलिस तहरीर लेकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।
डॉ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक