सिंदुरिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिहरपुर में लोगों को बेहतर ढंग से स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल रही है। यहां दो डाॅक्टर तैनात हैं, लेकिन आसपास के लोगों को पता ही नहीं डाॅक्टर कब आते हैं और जाते हैं। एलटी और वार्ड ब्वाय के भरोसे अस्पताल संचालित हो रहा है।
रविवार को अस्पताल में वार्ड ब्वाय मिला। कुछ मरीज आए थे, लेकिन वे चले गए। लोगों का कहना है कि डॉक्टर को नहीं रहने के कारण परेशानी होती है। सीएचसी मिठौरा या जिला अस्पताल इलाज के लिए जाना पड़ता है। मुजहना निवासी विवेकानंद ने बताया कि सुगर हुआ है। कुछ समस्या हो रही थी, लेकिन डॉक्टर न होने से एलटी अरुण से दवा लेकर जा रहा हूं। वहीं रामधनी ने बताया कि अपने नाती रितेश की बुखार की दवा लेने आया हूं।
डॉक्टर होते तो जांच करा लेता। क्षेत्र के आदित्य, ज्योति, दिनेश, गरिमा, सतीष आदि दवा लेने पहुंचे थे। अस्पताल परिसर की चहारदीवारी टूटी है। परिसर में सफाई व्यवस्था बदहाल दिखी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने का प्रयास जारी है। अगर कहीं लापरवाही हो रही है तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।