महराजगंज। धानीबाजार क्षेत्र स्थित सिकंदरजीतपुर गांव के ग्राम प्रधान रमेश ने शुक्रवार को डीएम को अपना इस्तीफा सौंप दिया। आरक्षित पिछड़ी जाति से निर्वाचित ग्राम प्रधान ने इस्तीफा पत्र में पंचायत सचिव व अन्य पदेन अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्रामसभा के हितों के विरुद्ध गैरकानूनी और अवैधानिक तरीके से दबाव बनाया जा रहा है। कहा कि वह पढ़े-लिखे नहीं हैं और केवल किसी तरह हस्ताक्षर बना पाते हैं। पंचायत सचिव व अन्य अधिकारी वाउचर-बिलों पर फर्जी हस्ताक्षर बनवाने की कोशिश करते हैं।उनकी अनुपस्थिति में अवैधानिक बैठकें कर ग्रामसभा के निर्णयों का दुरुपयोग कर ग्रामवासियों के हितों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेरी अनुपस्थिति में किए गए किसी भी कार्य की वैधता सवालों के घेरे में है। ग्राम प्रधान ने उनके नाम से पूर्व में किए गए हस्ताक्षरों की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की है।