भैरहवा/सोनौली। नेपाल के भैरहवा कस्बे में भारतीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नेपाल पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार जांच होने तक युवती नेपाल पुलिस की अभिरक्षा में रहेगी। सभी प्रमुख बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मामला सामने आने के बाद युवती की सोशल साइट पर दो से तीन हजार फाॅलोअर बढ़ गए हैं।
सोमवार को भैरहवा पुलिस मामले में जांच कर रही है। जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पूछताछ में सामने आया की युवती होटल के कमरा नंबर 303 में रूकी थी। आरोपियों ने पहले नशीली दवाओं का सेवन किया था, इसके बाद दुष्कर्म समेत मारपीट की घटना को अंजाम दिया। महराजगंज जिले के दो युवक, गोरखपुर जिले के दो युवक व नेपाल के दो युवकों को न्यायालय से सात दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ हो रही है।
बताया गया है कि मामले की जांच तक पीड़ित युवती नेपाल पुलिस की अभिरक्षा में रहेगी क्योंकि विदेशी महिला पुरुषों के दर्ज केस में नेपाल पुलिस जांच तक उन्हें रोक सकती है। मामले में युवती से बातचीत नहीं हो पा रही है। पीड़िता की मां ने उससे मुलाकात की, लेकिन पिता को मिलने नहीं दिया गया। पीड़िता ने मां से बातचीत में नेपाल पुलिस पर भरोसा जताया है। उसने मां को बताया कि आरोपियों को कड़ी सजा मिलेगी।
रूपनदेही पुलिस कार्यालय के डीएसपी मनोहर भट्ट ने बताया कि मामला गंभीर है। जांच की जा रही है। तथ्य सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।