महराजगंज। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बेसिक शिक्षकों को विभिन्न विधियों की जानकारी देकर शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में डायट में संचालित पांच दिवसीय प्रशिक्षण का समापन शनिवार डायट प्राचार्य सत्येंद्र कुमार सिंह ने शुभकामना देकर किया। एकीकृत शिक्षण माड्यूल का प्रशिक्षण मंगलवार से जारी था, इसमें परतावल के 98 परिषदीय शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। डायट प्राचार्य ने कहा कि प्रशिक्षण से शिक्षकों में आलोचनात्मक सोच, मूल्यांकन और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा मिला है। अब शिक्षक न सिर्फ बेहतर तरीके से समझा सकेंगे बल्कि बच्चे नई विधियों से सीखने में भी आगे होंगे। प्रशिक्षण संयोजक वरिष्ठ प्रवक्ता अभिजीत सिंह ने कहा कि शिक्षकों को कक्षा में प्रौद्योगिकी के एकीकरण से शिक्षण की नई विधि और उच्च शिक्षा प्रणाली में शिक्षक शिक्षा को दक्ष किया गया है। प्रशिक्षण नोडल सुनील कुमार भारती ने कहा कि एनसीईआरटी के निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप यह प्रशिक्षण रहा। शिक्षक अब नए पाठ्यक्रम को बच्चों के समक्ष रुचिकर तरीके से प्रस्तुत कर सकेंगे। प्रशिक्षण देने वाले प्रवक्ताओं में आशीष मौर्य, हरेंद्र कुमार, डॉ. अरशद जमील, सुजीत चौहान को प्राचार्य ने सम्मानित कर आभार व्यक्त किया।