नदुआ गांव में पहुंचे एडीएम, एएसपी, एसडीएम, सीओ, ग्रामीणों से दो घंटे तक चली बातचीत
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा नदुआ में ताजिया रखने के स्थान को लेकर दो पक्षों में कई दिनों से विवाद चल रहा विवाद सुलझ गया है। आपसी सहमति बनी की गांव में स्थित नवीन परती की जमीन पर चबूतरा बनेगा। शनिवार को अपर जिलाधिकारी डा. पंकज कुमार वर्मा, एएसपी आतिश कुमार सिंह, एसडीएम सदर दिनेश कुमार मिश्र, सीओ सदर अजय सिंह चौहान मौके का जायजा लिया। दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामले को सुलझा दिया।
जानकारी के अनुसार, नदुआ में मुस्लिम समुदाय के लोग मुहर्रम त्योहार पर गांव के शिवशंकर श्रीवास्तव के दरवाजे के सामने स्थित चबूतरे पर विगत कई वर्षों से ताजिया रखते थे। इसी बीच शिवशंकर श्रीवास्तव ने अपने दरवाजे के सामने ताजिया रखने से मना कर दिया। गांव के दूसरे पक्ष ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को पत्र दिया और वर्षों से जहां ताजिया रखा जा रहा था, उसी स्थान पर रखने की मांग की। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण जिला प्रशासन सतर्क हो गया।
अपर जिलाधिकारी डा. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों पक्ष की सहमति पर गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास नवीन परती की जमीन पर चबूतरा बनाने का निर्णय लिया गया है। यहीं पर मोहर्रम का ताजिया रखा जाएगा। अब किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है। दोनों पक्ष के लोगों के बीच सुलह-समझौता करा दिया गया है। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर दिनेश कुमार मिश्र, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अजय सिंह चौहान, निरीक्षक संजय सिंह यादव, चौकी प्रभारी मनीष तिवारी, राजस्व निरीक्षक जनकराज प्रजापति, लेखपाल मारुति नंदन, ग्राम प्रधान दिनेश चंद मिश्र, नारद जायसवाल, प्रदीप जायसवाल उपस्थित रहे।