कंबाइन मशीन के मालिक की मौत, परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम
नौतनवां। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के हरदीडाली के सिवान में कंबाइन मशीन के मालिक को पुआल प्रबंधन प्रणाली (एसएमएस) लगाकर मशीन संचालित करने की चेतावनी मिलने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। नाराज परिजनों ने बनैलिया देवी मंदिर के पास शव रखकर सड़क जाम कर दी। पुलिस उपाधीक्षक के समझाने पर जाम समाप्त हुआ।
जानकारी के मुताबिक, हरदीडाली बिचला टोला निवासी अशर्फी गुप्ता (60) का कंबाइन मशीन रविवार शाम को हरदीडाली सिवान में चल रहा था। आरोप है कि नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव ने एसएमएस लगाकर कम्बाइन संचालित करने की चेतावनी दी। परिजनों का कहना है कि कंबाइन मालिक की तबीयत वहीं खराब हो गई, उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस उपाधीक्षक अनुज कुमार सिंह ने बताया कि परिजन को समझा-बुझाकर शांत कराया और परिजन शव को लेकर घर गए। वहीं, उप जिलाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बिना एसएमएस के कंबाइन मशीन चल रही थी। परिजनों का आरोप बेबुनियाद है। नियमानुसार मशीन संचालित करने की हिदायत दी गई थी। कंबाइन मालिक की तबीयत पहले से खराब थी।