बरगदवा। थाना क्षेत्र के मंगलापुर गांव के मोहनापुर टोले पर बीते 26 नवंबर को घर के अंदर बालिका का शव फंदे से लटकता मिला था। परिजनों ने बगैर पुलिस को सूचना दिए बालिका के शव को खेत में दफन कर दिया था। घटना को लेकर लोगों में कई तरह की चर्चाएं होने लगीं। वहीं पुलिस को इसकी भनक लगी तो शुक्रवार शाम को गांव पहुंची और शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक बीते 26 नवंबर दिन रविवार सुबह मंगलापुर गांव के मोहनापुर टोला निवासी शुकुल साहनी की बेटी संजना सहानी (15) का शव घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला था। इस दौरान मृत बालिका संजना के परिजनों ने बगैर पुलिस को सूचना दिए गुपचुप तरीके से बालिका के शव को गांव के पूरब दिशा स्थित एक खेत में दफन कर दिया। बालिका की मौत के कारण परिजनों की चुप्पी को लेकर ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं होने लगीं। घटना के पांच दिन बाद ग्रामीणों की यह चर्चा थाने तक पहुंच गई। इसकी भनक जब पुलिस को लगी तो पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गांव पहुंच परिजनों से पूछताछ की। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने बालिका के शव को कब्र से बाहर निकलवा कब्जे में ले लिया।
बरगदवा थाना प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि तहसीलदार अमित कुमार की मौजूदगी में परिजनों से पूछताछ के बाद शव को कब्र से बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
कक्षा आठ की छात्रा थी मृत बालिका
मंगलापुर गांव के मोहनापुर टोला निवासी शुकुल साहनी की मृत बेटी संजना सहानी बरगदवा स्थित एक विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा थी। मृत बालिका पांच बहनों में दूसरे नंबर की थी। जबकि एक छोटा भाई भी है। बालिका की मौत पर परिजनों की चुप्पी को लेकर पांच दिनों तक ग्रामीणों में चर्चाएं बनी रहीं।