मामले में तीन आरोपियों पर पुलिस ने दर्ज किया केस, गांव के लोगों को आने पर युवक छूटा
संवाद न्यूज एजेंसी
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रामपुर चकिया में पुरानी रंजिश में दबंगों ने एक युवक को हाथ पैर बांधकर कुएं में लटका दिया। इसके बाद जमकर पिटाई की। शोर-शराबा सुनकर गांव के लोग इकट्ठे हुए और दबंगों के चंगुल से युवक को छुड़ाया। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर चकिया टोला बरैठवा निवासी नईम शनिवार को श्यामदेउरवां चौराहे पर कुछ सामान लेने गए थे। वापस आते समय गांव के बाहर एक पुल पर बैठकर किसी से बात करने लगा। उसी वक्त गांव के कुछ लोग आए और युवक को अपशब्द बोलने लगे। विरोध करने पर उसे बुरी तरह से मारते-पीटते हुए गांव में ले गए। इसके बाद युवक का हाथ पैर बांधकर उसे कुएं में लटका दिया।
शोर शराबा सुनकर जुटे गांव के लोगो ने समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके बावजूद भी दबंगों ने मारपीट कर युवक को अधमरा कर दिया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी हशमुद्दीन, केताबुद्दीन व सरफुद्दीन के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
-
दो माह पहले गाली गलौज को लेकर हुआ था विवाद
श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के रामपुर चकिया टोला बरैठवा में हुए विवाद का कारण गाली गलौज था। दो माह पहले हुए गाली गलौज को लेकर दबंगों ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। पीड़ित नईम की मां नूर आयशा ने बताया कि दो माह पूर्व गांव के बाहर स्थित पुल पर बैठे बेटे नईम से आरोपी हशमुद्दीन, केताबुद्दीन व सरफुद्दीन ने गाली गलौज की थी। उसी दौरान उन लोगों ने देख लेने की धमकी दी थी। शनिवार रात को उसी रंजिश को लेकर उक्त आरोपियों ने मेरे बेटे को बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी दी।