फरेंदा/धानी। सहजनवां क्षेत्र के राप्ती नदी में मिले युवक का शव पत्नी और बेटे के हत्यारोपी का था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया। पाेस्टमार्टम रिपोर्ट में स्थिति स्पष्ट न होने के कारण युवक का डीएनए जांच कराने के लिए सैंपल ले लिया गया है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार गोरखपुर के राजघाट पर कर दिया।
मामला बृजमनगंज क्षेत्र के धानी कानापार में शनिवार की रात विवाद के बाद शशिभूषण मिश्रा ने पत्नी विजय लक्ष्मी व मासूम बेटे शौर्य की बेरहमी हत्या कर फरार हो गया था। रविवार को दिन में घटना की जानकारी हुई तो क्षेत्र में अफरा तफरी मच गयी। आरोपी की तलाश में पुलिस अधीक्षक ने खुलासे के लिए तीन टीम गठित की। सोमवार की शाम सहजनवां क्षेत्र के राप्ती नदी के सिसई घाट पर एक युवक का उतराया शव मिला।
पुलिस को जानकारी हुई तो आरोपी के पिता राजेंद्र नाथ मिश्रा और अन्य रिश्तेदारों को मौके पर ले जाकर पहचान कराई। परिजन हाथ में बंधे रक्षासूत्र, जनेऊ, दाड़ी-बाल व शारीरिक बनावट के आधार पर उसकी पहचान शशिभूषण की होने की आशंका जाहिर की थी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी स्थित पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो सकी। फिर भी शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोपी के पिता राजेंद्र नाथ मिश्रा ने पुलिस से डीएनए जांच कराने की मांग की। पुलिस शव के खून का सैंपल लेकर डीएनए जांच के लिए भेज दिया है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार गोरखपुर में ही कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों की मांग पर ब्लड सैंपल का डीएनए टेस्ट के लिए भेजा जाएगा। प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अन्य पहलू पर भी जांच कर रही है।
-श्यामसुंदर तिवारी, प्रभारी निरीक्षक, बृजमनगंज
दफन हो गया दोहरे हत्याकांड का राज
आरोपी शशिभूषण की मौत के बाद कानापार में शनिवार को हुए मां-बेटे की निर्मम हत्या के कारणों का राज भी अब दफन हो गया। आरोपी के पत्नी व बेटे की निर्मम तरीके से हत्या करने का कारण भी नहीं पता चल सका। पुलिस अभी भी मामले की जांच में जुटी है। पिता राजेंद्रनाथ मिश्रा का नदी में मिले युवक के शव की पहचान के बाद भी संशय बरकरार है। जबकि मामले की जांच के लिए मृतका विजय लक्ष्मी के मायके वाले पुलिस अधीक्षक को पत्र दिया है।