हमलावरों को ढूंढ रही घुघली पुलिस, तहरीर का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। मंगलवार की रात करीब 10ः30 बजे दोस्त बनकर आए हमलावरों ने युवक की जान लेने की कोशिश की थी। युवक के चीखने-चिल्लाने के बाद ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। ऐसे में हमलावरों को भागना पड़ा था। पीड़ित के तहरीर न देने पर घुघली पुलिस में असहज है। इसके बावजूद हमलावरों की तलाश कर रही है।
घायल युवक के घर वालों के अनुसार, थाना क्षेत्र के खानपुर गांव के मिश्रौली टोला निवासी रामधनी का 23 वर्षीय बेटा प्रभु नाथ यादव की 10 दिन पहले शादी हुई है। दोस्त बनकर आए दो हमलावरों ने पहले प्रभु के साथ जमकर शराब पी। इसके बाद कहासुनी होने गई। हमलावर उसे एक सुनसान जगह पर ले गए और धारदार हथियार से हमला करने लगे।
प्रभु बचाओ-बचाओ की आवाज लगाता हुआ तिवारी चौराहे होते हुए धर्मपुर जाने वाली सड़क पर आकर बेहोश होकर गिर पड़ा। ग्रामीण आवाज सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे और एंबुलेंस को भी सूचित किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर ने इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों का कहना कि हमलावरों ने दिन डूबने के बाद प्रभुनाथ को फोन करके बुलाया था। भुवनी स्थित शराब भट्टी पर छककर शराब पी थी। इसके बाद तीनों में विवाद हो गया था। थानाध्यक्ष घुघली नीरज राय ने बताया कि तहरीर अब तक नहीं मिली है, लेकिन पुलिस कार्रवाई में लगी हुई है।