महराजगंज। शहर के 25 मोहल्ले की 80 बदहाल सड़कें और नालियां जल्द दुरुस्त हो जाएंगी। इसके लिए विभाग ने 40 करोड़ की कार्ययोजना बनाकर प्रस्ताव बनाकर भेजा है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू होगा। इससे करीब 60 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, महराजगंज नगर पालिका परिषद में करीब 12 से अधिक मोहल्लों की सड़कें बदहाल हैं। बात विस्मिल नगर की करें तो यहां एक सड़क ऐसी है कि इधर से कोई गुजरना नहीं चाहता है। वर्तमान में सड़क कीचड़युक्त है। सड़क पर कीचड़ ऐसा है कि अगर कोई एक बार गुजर जाता है तो दूसरी बार जाना नहीं चाहता है। इसी तरह से गांधी नगर में सड़क गड़ढ़ायुक्त है।
मोहल्ले के रामरूद्र यादव ने बताया कि घर के सामने ही जलभराव हो जाता है। बारिश के बाद पानी हटता है तो बदबू से सांस लेने में परेशानी होती है। संक्रामक रोगों का खतरा बना रहता है। नगर पालिका परिषद महराजगंज के विभिन्न वार्डों की करीब 80 सड़कों की सूरत बदलेगी। धन स्वीकृति होते हुए नगर की सड़कें और नालियों का कार्य प्रारंभ होगा।
इन वार्डों में सड़कों की बदलेगी सूरत
सक्सेनानगर, मंगलपुर, एपीजे अब्दुल कलाम नगर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, आजादनगर, बैकुंठपुर, पटेल नगर, बिस्मिल नगर, शास्त्री नगर, छत्रपति साहू जी महराजगंज नगर, गांधी नगर के अलावा अन्य मोहल्लों की सड़कें ठीक कराई जाएंगी।
नालियां बनने से जलभराव की समस्या होगी दूर
शहर के अलग-अलग मोहल्लों में नालियों का कायाकल्प होगा। विभिन्न वार्डों में नालियों की स्थिति बहुत खराब दशा में है। टूटी नालियाें से जल निकासी में समस्या होती है। सड़कों पर पानी बहता है। शास्त्री नगर के वरूण पटेल ने बताया कि मोहल्ले नाली क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी सड़कों पर बहता है। गंदे पानी से होकर जाने में पैर में चुनचुनाहट होती है।
नगर क्षेत्र के विभिन्न सड़कों और नालियों को बनाने के लिए करीब 40 करोड़ की कार्ययोजना तैयार की गई है। स्वीकृति के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी। आने वाले दिनों में शहर की सड़कें बेहतर हो जाएंगी।
-आलोक कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी