फरेंदा। क्षेत्र के भैया फरेंदा में राजमार्ग पर दो माह पूर्व गिरे दो मंजिला मकान का मलबा पीएनसी कंपनी व स्थानीय प्रशासन की देखरेख में हटा दिया गया, जिसको लेकर मकान मालिक ने ध्वस्त मकान का मलबा हटाए जाने का विरोध भी किया।
गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भैया फरेंदा चौराहे पर 27 जून की शाम दो मंजिला मकान अचानक भरभरा कर सड़क की तरफ गिर गया था। मकान गिरने के दौरान उसके भीतर कोई नहीं था। फरेंदा क्षेत्र के भैया फरेंदा चौराहे पर सैनिक गांव के सामने अशोक मद्धेशिया का दो मंजिला मकान था जो सड़क चौड़ीकरण के जद में आधा मकान आ गया था। इसको मकान मालिक ने आधा मकान तोड़ लिया था। उसके बाद सामने की मिट्टी को कार्यदायी संस्था ने निकाल लिया गया था।
उसके बाद दो मंजिला मकान अचानक भर भरा कर गिर गया था। मकान की क्षतिपूर्ति की मांग को लेकर परिजनों एवं ग्रामीणों ने पीएनसी कंपनी के विरुद्ध प्रदर्शन किया था। शनिवार को दिन में नायब तहसीलदार अंकित अग्रवाल, पीएनसी के अधिकारी व स्थानीय थाने की फोर्स की मौजूदगी में मलबा हटा दिया गया। पीड़ित अशोक मद्धेशिया ने कहा कि ध्वस्त मकान का क्षतिपूर्ति नहीं मिला है, फिर भी प्रशासन ने मलबा हटवा दिया हैं जो हम पीड़ित परिवार के साथ अन्याय है। पीड़ित परिवार ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की।